अल्मोड़ा आज दिनांक 5 फरवरी 2026 को आज विकास भवन, अल्मोड़ा में मुख्य विकास अधिकारी, रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामोथान–रीप परियोजना के अंतर्गत निजी उद्यमों हेतु प्राप्त प्रस्तावों एवं आवेदनों का परीक्षण तथा मूल्यांकन किया गया। बैठक के दौरान चयनित प्रस्तावों के क्रियान्वयन के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता को सशक्त करने एवं सतत आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। बैठक में पोल्ट्री, मशरूम उत्पादन, बर्तन निर्माण, डेयरी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इन प्रस्तावों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर सृजित करने तथा लाभार्थियों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सम्बन्धियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रस्तावों में रोजगार सृजन एवं आर्थिक गतिविधियों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता से अग्रिम कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साधन बढ़ाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए जो प्रस्ताव आये हैं उनमें नियमानुसार कार्यवाही करते हुए उनको धरातल पर उतरने के प्रयास करें, जिससे आर्थिक गतिविधियों का संचार किया जा सके। आवेदनों के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी मूल्यांकन के लिए परियोजना निदेशक (डीआरडीए) के एन तिवारी, जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोथान राजेश मठपाल जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी तथा ग्रामोथान–रीप परियोजना से संबंधित अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

