अल्मोड़ा आज दिनांक 14 जून 2026 को उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा रविवार को आयोजित स्नातक स्तरीय विभिन्न पदों की लिखित पुनर्परीक्षा जनपद अल्मोड़ा के 33 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं तथा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सुरक्षा एवं निगरानी के समुचित प्रबंध किए गए थे।
उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार जनपद के सभी परीक्षा केन्द्रों में कुल 8,171 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 4,398 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए तथा 3,773 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जनपद में परीक्षा की कुल उपस्थिति लगभग 53.82 प्रतिशत रही।
परीक्षा के दौरान सभी केन्द्रों पर आयोग एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। किसी भी परीक्षा केन्द्र से किसी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा व्यवधान की सूचना प्राप्त नहीं हुई।

