द्वाराहाट (अल्मोड़ा) आज दिनांक 19 जून 2026 को डॉ0 बी0 आर0 अंबेडकर समिति व युवा अंबेडकर समानता मंच ने टिहरी जनपद में हुए चर्चित केतन लाल हत्याकांड के विरोध में उप जिलाधिकारी द्वाराहाट के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। अंबेडकर समिति व अंबेडकर समानता मंच ने कहा कि केतन लाल की निर्मम हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं और न्याय व्यवस्था के समक्ष एक गंभीर चुनौती है। ऐसे मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तो आमजन का कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास कमजोर पड़ सकता है।
केतन लाल हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है और समाज के भीतर गहरी चिंता पैदा की है। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र कठोर दंड दिया जाए, ताकि यह घटना भविष्य के लिए एक नजीर बन सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर अंकुश लगे।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पीड़ित परिवार को हर स्तर पर न्याय, सुरक्षा और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन देने वालों में प्रकाश चंद्र बौद्ध अध्यक्ष युवा अंबेडकर समानता मंच, प्रकाश चंद आगरी उपाध्यक्ष डॉ बी आर अंबेडकर समिति द्वाराहाट, प्रताप राम सचिव डॉ बी आर अंबेडकर समिति द्वाराहाट, प्यारेलाल कोषाध्यक्ष डॉ बी आर अंबेडकर समिति द्वाराहाट, मनीष कुमार, कृष्ण प्रसाद, हरीश चंद्र आदि लोग मौजूद रहे।

