टिहरी गढ़वाल उत्तर प्रदेश के नगीना लोकसभा सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद 28 जून (रविवार) को उत्तराखंड के टिहरी जिले के देवल गांव का दौरा करेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार वह देवल गांव में 18 वर्षीय दलित युवक केवल लाल के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जानेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक चंद्रशेखर आजाद सुबह 8 बजे सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर स्थित आवास से हरिद्वार होते हुए टिहरी के लिए रवाना होंगे और सुबह 11:30 बजे ग्राम देवल, थाना लंगगांव पहुंचेंगे। पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद वह दोपहर 1:30 बजे वापस सहारनपुर के लिए प्रस्थान करेंगे तथा शाम 5 बजे छुटमलपुर पहुंचेंगे।
दौरे को लेकर प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है। चूंकि सांसद चंद्रशेखर आजाद को Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, इसलिए उनके आगमन के दौरान पुलिस सुरक्षा, रूट व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और अन्य सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को जारी किए गए हैं।
परिजनों और समर्थकों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“हत्यारों को बचाओगे, तो चंद्रशेखर आएंगे। आवाज़ दबाओगे, तो आवाज़ संसद तक जाएगी।”
इस दौरे को दलित समाज से जुड़े मामले में संवेदना व्यक्त करने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टिहरी पहुंचने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ता बहन मनीषा और उनके साथ अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।

