नई टिहरी नगीना लोकसभा सांसद, भीम आर्मी के संस्थापक एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मंगलवार को प्रतापनगर के देवल गांव पहुंचे और मृतक चेतन लाल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कहा, “इंसाफ लेकर रहेंगे। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
चंद्रशेखर आजाद ने मृतक के पिता धनपाल लाल, माता रुकमा देवी और अन्य परिजनों से बातचीत कर घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद जघन्य अपराध है और किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय की लड़ाई अंत तक लड़ेगी।
इससे पहले टिहरी जिले की सीमा पर भद्रकाली, नरेंद्रनगर बाईपास में पुलिस ने उनके काफिले को रोकने का प्रयास किया। पुलिस सीमित संख्या में लोगों को ही गांव जाने की अनुमति देने पर अड़ी रही, जबकि चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार से मिलने जाना चाहते थे।
नरेंद्रनगर में पुलिस से तीखी नोकझोंक के बाद चंद्रशेखर आजाद भारी बारिश के बीच करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर हिंडोलाखाल पहुंचे। बाद में पुलिस ने दो वाहनों को देवल गांव जाने की अनुमति दी। इसके बाद वह गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता एवं न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

