अल्मोड़ा आज दिनांक 8 जुलाई 2026 को राजस्व उपखंड रानीखेत के मजखाली क्षेत्र से 1 जुलाई 2026 से लापता 28 वर्षीय युवती को एसडीआरएफ की सरियापानी टीम ने सात दिनों तक चले कठिन सर्च अभियान के बाद सकुशल रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, युवती 1 जुलाई 2026 की शाम घर से घूमने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, किंतु उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद 4 जुलाई 2026 को जिला नियंत्रण कक्ष (डीसीआर) अल्मोड़ा से प्राप्त सूचना पर सेनानायक एसडीआरएफ के निर्देशन में सरियापानी टीम को खोज एवं बचाव अभियान के लिए रवाना किया गया।
एसडीआरएफ टीम ने मजखाली, कालिका, दलमोटी, सुंदरखाल, बूबूधाम सहित आसपास के दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार सघन सर्च अभियान चलाया। लगातार हो रही वर्षा, दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगलों के बावजूद टीम ने अभियान जारी रखा।
लगातार प्रयासों और बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप 7 जुलाई 2026 को अपराह्न लगभग 4:30 बजे युवती को सुंदरखाल गांव से लगभग चार किलोमीटर दूर घने जंगल में घायल अवस्था में खोज निकाला गया। टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया तथा स्ट्रेचर के माध्यम से लगभग पांच किलोमीटर दुर्गम पैदल मार्ग पार कर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद एम्बुलेंस से उपचार हेतु राजकीय चिकित्सालय रानीखेत भेजा गया।
युवती के सकुशल रेस्क्यू पर परिजनों ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनके साहस, समर्पण एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना की। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने टीम के उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा की है। रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक पंकज डंगवाल, हेड कांस्टेबल आशीष रावत, आरक्षी बालम सिंह, होमगार्ड धीरज भारती, होमगार्ड राजेंद्र गिरी, टीसी पवन नेगी तथा डीआर कुलदीप सिंह शामिल रहे।

