नई टिहरी टिहरी जनपद के पत्रकार एवं गंगा शाह आशुकवि ने अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि केतन लाल हत्याकांड की निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता करने के बाद उन्हें प्रतापनगर क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मामले को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मानवाधिकार संस्थाओं से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
जारी किए गए पोस्टर के अनुसार, गंगा शाह का कहना है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने उन्हें चुप रहने की चेतावनी देते हुए जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) टिहरी से भी सुरक्षा की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने का दावा किया है।
मामले को गंभीर बताते हुए वर्ल्ड ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन कमीशन ने भी पत्रकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, धमकी देने वाले व्यक्ति के विरुद्ध निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
पोस्टर में कहा गया है कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की स्वतंत्रता की रक्षा करना आवश्यक है और सत्य एवं जनहित के मुद्दे उठाने वाले पत्रकारों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
मुख्य मांगें
पत्रकार गंगा शाह आशुकवि को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए।
धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर निष्पक्ष जांच की जाए।
दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।

