अल्मोड़ा आज दिनांक 29 जनवरी 2026 को उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद अल्मोड़ा के विकासखंड लमगड़ा अंतर्गत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान” की कड़ी में राजकीय इंटर कॉलेज, पिपली (न्याय पंचायत बकस्वाड़) में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना रहा। शिविर में सचिव, उत्तराखंड शासन डॉ. पंकज कुमार पांडे ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर के माध्यम से अधिकतम लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न विभागों की योजनाओं, प्रक्रियाओं एवं पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई गई। शासन के निर्देशानुसार नामित कुल 28 विभागों द्वारा शिविर में सहभागिता की गई, जिससे एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया जा सका।
आयोजित शिविर में लगभग 764 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कुल 92 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 57 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों को शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
शिविर के दौरान 635 से अधिक व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जिससे क्षेत्रीय जनता को राहत एवं त्वरित सहायता प्राप्त हुई। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि जो शिकायतें मौके पर ही निस्तारित करनी संभव नहीं थी, उनके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मौके पर जाकर उनका आंकलन करें एवं उनके समाधान के लिए कार्यवाही करें।
शिविर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, दर्जा राज्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार दिनेश आर्या, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, उपजिलाधिकारी तहसील जैती सौम्या गर्त्याल, खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुलबे, जनप्रतिनिधि सहित अनेक विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक तथा आम जनमानस उपस्थित रहे।
विकासखंड स्याल्दे के पैठाणा में भी आयोजित हुआ शिविर
इसके अतिरिक्त जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत पैठाणा में भी बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही जनसमस्याएं सुनी गईं तथा योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 234 लोगों को लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। यहां विधायक सल्ट महेश जीना तथा उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने समस्याएं सुनी और उनका समाधान किया।

