अल्मोड़ा आज दिनांक 13 फरवरी 2026 को मुख्य विकास अधिकारी ने 25 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सभी बिंदुओं की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप प्रत्येक बिंदु पर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में प्रगति संतोषजनक नहीं है, उनमें विशेष कार्ययोजना बनाकर तेजी लाई जाए। लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा आंकड़ों को अद्यतन रखते हुए समयबद्ध रूप से पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही, विकास कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। ई-ऑफिस प्रणाली के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालयों में शत-प्रतिशत ई-ऑफिस संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पत्रावलियों का संचालन, पत्राचार, अभिलेखों का संधारण तथा अनुमोदन की प्रक्रिया पूर्णतः डिजिटल माध्यम से की जाए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित हो सके। लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए ई-ऑफिस के उपयोग को दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने, नियमित समीक्षा करने तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग टीम भावना के साथ कार्य करें ताकि जनहित के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जा सके। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ प्रवीण कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरक राम कोहली समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

