अल्मोड़ा आज दिनांक 16 फरवरी 2026 को विकास खंड सभागार द्वाराहाट में क्षेत्र पंचायत समिति (BDC) की बैठक का आयोजन ब्लॉक प्रमुख डॉ. आरती किरोला की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी (एडीएम) युक्ता मिश्र की उपस्थिति ने बैठक को विशेष महत्व प्रदान किया। बैठक में पेयजल, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य जनसरोकार के विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ब्लॉक प्रमुख डॉ. किशोला ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाते हुए विभागीय अधिकारियों से ठोस कार्रवाई की अपेक्षा जताई। उन्होंने ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर समयबद्ध एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन प्रकरणों में स्थलीय निरीक्षण या तकनीकी परीक्षण अपेक्षित है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। एडीएम ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया, जिससे निर्णय केवल कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर दिखाई दें। पेयजल समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को ग्राम स्तर पर निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग द्वारा लंबित कार्यों की जानकारी साझा की गई, जिस पर शीघ्र निराकरण की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित करने तथा एचपीवी वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी दी गई, जिसे बैठक में सकारात्मक पहल के रूप में देखा गया। बैठक के दौरान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच रचनात्मक संवाद का वातावरण बना रहा। जिला प्रशासन की उपस्थिति से विभागीय जवाबदेही और कार्यों की गति पर विशेष बल दिखाई दिया, वहीं ब्लॉक प्रमुख द्वारा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से रखने से बैठक का केंद्र स्थानीय आवश्यकताओं पर बना रहा।

