अल्मोड़ा आज दिनांक 8 मार्च 2026 को विश्व महिला दिवस के अवसर पर विकास भवन के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की उपस्थिति में “जल महोत्सव” कार्यक्रम के अंतर्गत एक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि जल महोत्सव कार्यक्रम जनपद में 8 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं को पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए फील्ड टेस्ट किट (FTK) के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर महिलाओं को जल की गुणवत्ता के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें स्वयं जल परीक्षण करने के लिए सक्षम बनाना है। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल जीवन का आधार है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि पेयजल के संरक्षण और उसके समुचित उपयोग के प्रति जागरूक रहें। साथ ही उन्होंने महिलाओं को जल संरक्षण के लिए अपने-अपने गांवों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में एसएचजी की महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत सहित जल संस्थान, जल निगम तथा सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

