अल्मोड़ा डायल 112 पर अपने परिजनों की हत्या किए जाने की झूठी सूचना देना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। कोतवाली अल्मोड़ा के धारानौला चौकी क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी व्यक्ति का ₹10 हजार का कोर्ट चालान किया है।
जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 को एक व्यक्ति ने डायल 112 पर कॉल कर सूचना दी कि उसके परिवार के सदस्यों को जान से मार दिया गया है। सूचना मिलते ही धारानौला चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
जांच में पाया गया कि सूचना पूरी तरह झूठी और भ्रामक थी। पुलिस के अनुसार, दुगालखोला निवासी, अल्मोड़ा ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से फर्जी सूचना दी थी।
आपातकालीन सेवा डायल 112 का दुरुपयोग करने पर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ₹10 हजार का कोर्ट चालान किया। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें। झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

