हल्द्वानी केतन लाल हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को संवैधानिक अधिकार संघर्ष समिति के नेतृत्व में बुद्ध पार्क से एसडीएम कार्यालय तक कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
मार्च से पूर्व बुद्ध पार्क में आयोजित सभा में वक्ताओं ने केतन लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर न्याय की मांग के समर्थन में मार्च निकाला।
मार्च के दौरान लोगों ने “केतन लाल को न्याय दो”, “दोषियों को सख्त सजा दो” और “संविधान का सम्मान करो” जैसे नारे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।
एसडीएम कार्यालय पहुंचने पर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने, दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, सुरक्षा, पुनर्वास तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की गई।
समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन से मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि न्याय में देरी हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
कैंडल मार्च में समिति के पदाधिकारियों
मुख्य संयोजक मुकेश चंद्र बौद्ध, जी आर टम्टा, दीपक चनियाल, बी एल आर्य, एडवोकेट संजय बघरवाल, एड गंगा प्रसाद, एड प्रमोद कुमार, मंजू आर्या, सुनीता आर्या, सुंदर लाल बौद्ध, रमेश राम आर्य, शंकर लाल, देवेंद्र कुमार, एड राजेंद्र प्रसाद, एड. राजेंद्र कुटियाल, मनोज कुमार, दीप दर्शन, विजय कुमार, जी आर आर्या, जगदीश कुमार विमल, संजय कुमार, राकेश बौद्ध, गोविंद आर्य, विजय कुमार, शेर राम, सुमन आर्य सहित अन्य महिलाएं, युवा और बुजुर्ग उपस्थित सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

