मुंबई भारतीय संविधान: सम्मान, सुरक्षा और संवर्धन (BS4) राष्ट्रव्यापी जन- जागरण अभियान के तहत बामसेफ मुंबई युनिट ने मुंबई ज़िला क्लस्टर अधिवेशन का आयोजित किया था। यह अधिवेशन रविवार, 14 जून 2026 को मुंबई, दादर (पूर्व) स्थित राजा शिवाजी विद्यालय के नबर गुरुजी हॉल में संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:00 बजे से 10:00 बजे के बीच पथ संचलण के साथ हुई। पथ संचलन परेल बीआयटी चॉल में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के पुराने घर से शुरू होकर नये घर ‘राजगृह’ तक गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करने के लिए मैनेजमेंट एक्सपर्ट और ‘बुद्धा: द एग्जीक्यूटिव कोच’ किताब के लेखक डॉ. संतोष फूलपगार मौजूद थे। मुख्य अतिथि के तौर पर प्रो. मिलिंद गवई (महाराष्ट्र नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, मुंबई) ने लोगों को संबोधित किया, जबकि मा. रमन राफेल तिर्की (जनरल मैनेजर, ONGC, मुंबई) विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बामसेफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष और BS-4 राष्ट्रीय अभियान के राष्ट्रीय संयोजक मा. संजय मोहिते ने की। अपने अध्यक्षीय भाषण में, मा. संजय मोहिते ने कहा कि सत्ता के कामकाज में दखल देना ज़रूरी है, क्योंकि जो लोग अभी सत्ता में हैं, वे इसके नशे में चूर नज़र आते हैं। उन्होंने बताया कि 1919 में, एक 25 साल के युवा ने दखल दिया और अगले सौ सालों के लिए शासन और प्रशासन में प्रतिनिधित्व का हमारा अधिकार हासिल किया—यह एक ऐसी विरासत है जिसकी देन आज हम हैं। उन्होंने ज़ोर दिया कि आज के समय में, राष्ट्रीयकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए हर किसी का सोचना और उसमें दखल देना ज़रूरी है।
बामसेफ परिवार का मकसद 20,000 पीपल्स सोशल ऍकशन कमिटीयां’ (People’s Social Action Committees) बनाकर सत्ता के ढांचे में दखल देना है और इसे हासिल करने के लिए उसने सभी से समय, मेहनत और संसाधनों का योगदान करने की अपील की । BS4 राष्ट्रीय अभियान के तहत देश भर के लगभग 200 जिलों में ऐसे क्लस्टर अधिवेशन आयोजित किए जा रहें है। इन अधिवेशनों का मुख्य उद्देश्य संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मूल्यों के बारे में लोगों में जागरूकता बढ़ाना और साथ ही बहुजन समुदाय के भीतर संगठन को मजबूत करना था।
इस सम्मेलन में संविधान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जन-समर्थन जुटाने के साथ-साथ राष्ट्रीयकरण, सामाजिक समानता और बहुजन समुदाय की एकता के बारे में व्यापक जन-जागरूकता पैदा करने पर विशेष ज़ोर दिया गया। बहुजन समुदाय के नागरिक अपने परिवारों के साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रबल प्रताप सिंह (अध्यक्ष, बामसेफ मुंबई यूनिट) और शरद धनगर (महासचिव, बामसेफ मुंबई यूनिट) के नेतृत्व वाली टीम की सराहना की गई।

