लंबगांव (टिहरी गढ़वाल) लंबगांव में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्र पत्रकार आशु कवि ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ सार्वजनिक मंच से झूठे एवं भ्रामक बयान देकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। पत्रकार का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान राजमोहन रावत ने उनके संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
आशु कवि ने बताया कि उनके पास पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग सुरक्षित है। उनका कहना है कि उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में किसी भी व्यक्ति या किसी की बेटी-बहन के संबंध में कोई आपत्तिजनक पोस्ट नहीं की है। यदि कोई ऐसा दावा करता है तो उसके समर्थन में प्रमाण सार्वजनिक किए जाने चाहिए।
पत्रकार ने कहा कि उनकी पत्रकारिता हमेशा तथ्यों और साक्ष्यों पर आधारित रही है तथा उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति को बदनाम करना नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों को सामने लाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंच से इस प्रकार के बयान देकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया, जो पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर भी प्रश्न खड़ा करता है।
आशु कवि ने बताया कि वह इस पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के साथ जल्द ही पुलिस अधीक्षक, टिहरी गढ़वाल को शिकायत सौंपेंगे तथा मामले में निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे पूरे वीडियो को देखकर स्वयं तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनाएं।
संवाददाता: गंगा शाह, नई टिहरी

