बागेश्वर बागेश्वर में गोगीनापानी निवासी गोपाल राम हत्याकांड में बागेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को फकीर राम पुत्र गजराम निवासी फिटालगांव ने कोतवाली बागेश्वर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि जीवन सिंह और पुष्कर सिंह ने उनके साले गोपाल राम के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली बागेश्वर में एफआईआर संख्या 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(V) में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल फोरेंसिक यूनिट बागेश्वर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। साथ ही फोरेंसिक टीम अल्मोड़ा से भी सहयोग लिया गया और विवेचना पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल एवं फोरेंसिक साक्ष्य एकत्रित करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को फल्टनिया-कांडा रोड स्थित कच्चे मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 42 वर्षीय जीवन सिंह कुंवर पुत्र प्रताप सिंह तथा 52 वर्षीय पुष्कर सिंह पुत्र शेर सिंह, दोनों गोगीनापानी, फल्याटी के है।
पुलिस आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।

