हरदोई कोतवाली क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दो रोडवेज बसों के बीच फंसने से गंभीर रूप से घायल महिला ने उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना के बाद बस अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतुई गांव निवासी नेहा सिंह पत्नी स्वर्गीय सर्वेश सिंह एक निजी दवा कंपनी में कार्यरत थीं। वह उन्नाव जनपद के बांगरमऊ में आयोजित कंपनी की आधिकारिक बैठक में शामिल होने के लिए रोडवेज बस अड्डे पर बस का इंतजार कर रही थीं।
इसी दौरान कन्नौज डिपो और हरदोई डिपो की दो बसें आगे बढ़ीं और नेहा सिंह दोनों बसों के अगले हिस्से के बीच फंस गईं। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

