सोमेश्वर (अल्मोड़ा) आज दिनांक 25 जुलाई 2026 को भीम आर्मी भारत एकता मिशन, तहसील इकाई सोमेश्वर की ओर से देश के युवाओं, छात्रों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की ओर से एक ज्ञापन तहसीलदार सोमेश्वर के माध्यम से राष्ट्रपति को प्रेषित किया गया। जिसमें कहा गया है कि विगत समय में पेपर लीक, भर्ती घोटालों तथा छात्र आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास कमजोर हुआ है। इसलिए हमारी निम्नलिखित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए—
मुख्य मांगें:
पेपर लीक एवं भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
छात्र आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाए।
आंदोलन में घायल अथवा मृत छात्रों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
आंदोलन में शामिल छात्रों पर किसी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई न की जाए।
NEET, JEE सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को पूर्णतः पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जाए।
सभी सरकारी भर्तियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं तथा वार्षिक भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
परीक्षा परिणाम के साथ प्रत्येक अभ्यर्थी के अंक सार्वजनिक किए जाएं।

