नई टिहरी आज दिनांक 30 जुलाई 2026 को बहुचर्चित केतन लाल हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर मृतक के परिजन गुरुवार को नई टिहरी स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मामले में शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की।
धरने पर बैठे माता-पिता ने कहा कि 16 वर्षीय केतन लाल की मौत के बाद उन्हें अब तक पूरा न्याय नहीं मिल सका है। उनका आरोप है कि अंतर-जातीय प्रेम प्रसंग के चलते टिहरी गढ़वाल के खोलगढ़ गांव में केतन को बंधक बनाकर उसके साथ बर्बर मारपीट की गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों का कहना है कि मामले में सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होने तक उनका धरना जारी रहेगा।
धरने के दौरान परिवार ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय सुनिश्चित किया जाए। परिजनों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि केतन लाल हत्याकांड को लेकर पहले भी विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने न्याय की मांग उठाई है। अब एक बार फिर पीड़ित परिवार के धरने से यह मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

