नई टिहरी पीपीआईडी (पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक) ने सामाजिक कार्यकर्ता बलवीर सिंह को संगठन का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं नैनीताल हाईकोर्ट के अधिवक्ता डॉ. प्रमोद कुमार, वरिष्ठ नेता चंदन मूलनिवासी तथा दिगम्बर सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष बलवीर सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज को जागरूक कर उसे उसके संवैधानिक अधिकारों के प्रति संगठित करना है। उन्होंने कहा कि आज शिल्पकार समाज पर बढ़ते अत्याचार, हिंसा और सामाजिक भेदभाव चिंता का विषय बन चुके हैं। ऐसी परिस्थितियों में केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर संघर्ष करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में शिल्पकार समाज की भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। यह न केवल गरीब परिवारों के अधिकारों का हनन है, बल्कि सामाजिक न्याय की भावना के भी विपरीत है। संगठन ऐसे प्रत्येक मामले में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा तथा प्रशासन से न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
बलवीर सिंह ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि समाज के युवाओं को संगठित किया जाए, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए और सामाजिक न्याय, समानता तथा सम्मान की लड़ाई को गांव-गांव तक मजबूत किया जाए।
उन्होंने अपनी नियुक्ति पर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं राज्य कार्यकारिणी का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे तथा शिल्पकार समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

