देहरादून 24वीं उत्तराखंड राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में डॉ. जयप्रकाश आर्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया और आगामी नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। यह प्रतियोगिता 02:08:2026 से 08:08:2026 तक उत्तराखंड राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में देहरादून में आयोजित की गई थी, जिसका समापन खेल मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार वितरण कर किया।
डॉ. जयप्रकाश आर्या वर्तमान में श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के अधीन राजकीय महाविद्यालय नंदासैंण में राजनीति विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षण एवं अकादमिक क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ वे खेल के प्रति भी निरंतर समर्पित रहे हैं।
डॉ. आर्या इससे पहले भी चार बार राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। हालांकि, शूटिंग से लंबे अंतराल के बाद उन्होंने अपनी खेल यात्रा को पुनः राज्य स्तर से शुरू किया। लंबे अंतराल के बावजूद उन्होंने दृढ़ संकल्प और निरंतर अभ्यास के साथ प्रतियोगिता में वापसी की और इस बार रजत पदक हासिल करते हुए नॉर्थ जोन के लिए क्वालीफाई किया।
अब डॉ. जयप्रकाश आर्या नॉर्थ जोन शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। उनके प्रदर्शन को देखते हुए उम्मीद है कि वे नॉर्थ जोन में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवीं बार राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल करेंगे।
उनकी यह उपलब्धि विशेष रूप से प्रेरणादायक है, क्योंकि उन्होंने लंबे अंतराल के बाद दोबारा राज्य स्तर से शुरुआत कर अपनी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर न केवल पदक हासिल किया, बल्कि अगले उच्च स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित किया है।

