टिहरी गढ़वाल विकासखंड जाखणीधार के ग्राम लवोई स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रतन सिंह भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता विजय सेमवाल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान रतन सिंह भंडारी ने ध्वजारोहण कर किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को देश के जिम्मेदार और अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
ग्राम प्रधान रतन सिंह भंडारी ने विद्यालय की शिक्षिका मंजली आर्य के प्रयासों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनके सार्थक प्रयासों से विद्यालय में इस तरह का शानदार एवं शिक्षाप्रद कार्यक्रम आयोजित हो सका। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में इससे पहले भी विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित होते रहे हैं, लेकिन इस स्तर का कार्यक्रम पहली बार देखने को मिला है।
उन्होंने विद्यालय में पठन-पाठन के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की। ग्राम प्रधान ने कहा कि विद्यालय के विकास एवं शिक्षा संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे हरसंभव सहयोग करने को तैयार हैं।
दीपावली से पहले विद्यालय में लगेंगी फर्श की टाइल्स
कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान रतन सिंह भंडारी ने विद्यालय परिवार और बच्चों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष दीपावली से पहले विद्यालय भवन के फर्श पर टाइल्स लगवा दी जाएंगी। ग्राम प्रधान की इस घोषणा से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और बच्चों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विद्यालय परिवार ने ग्राम प्रधान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के विकास में ग्राम सभा का सहयोग बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम का समापन बच्चों एवं उपस्थित ग्रामीणों के बीच उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
संवाददाता — गंगा शाह, नई टिहरी

