अनुसूचित जाति–जनजाति शिक्षक एसोसिएशन, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने महानिदेशक महोदया, विद्यालयी शिक्षा विभाग, उत्तराखण्ड से महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक वार्ता की। वार्ता में संगठन द्वारा शिक्षकों एवं शिक्षा व्यवस्था से संबंधित लगभग सभी 20 प्रमुख मांगों/बिंदुओं को विस्तारपूर्वक रखा गया।
वार्ता में विशेष रूप से शिक्षकों की वरिष्ठता एवं पदोन्नति, आरक्षण एवं प्रतिनिधित्व, वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर TET की स्थिति, एल०टी० संवर्ग पर TET-II, राज्य गठन से पूर्व की सेवा का लाभ, पूर्व सेवा को वेतन निर्धारण में जोड़ना, CCL प्रक्रिया का सरलीकरण, UTET हेतु विशेष अवकाश, ग्रीष्मकालीन अवकाश की गणना, चिकित्सा प्रतिपूर्ति एवं कालातीत देयकों का भुगतान, अंतर-मंडलीय/अंतर-जनपदीय स्थानांतरण तथा तदर्थ शिक्षकों की वरिष्ठता सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवा संबंधी विषयों पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही विभागीय बैठकों एवं समितियों में संगठन के प्रतिनिधित्व, संविधान की प्रस्तावना के पाठ, नवाचारी कार्यक्रमों में समान अवसर तथा विद्यालय से मंडल स्तर तक आवश्यक समितियों के गठन जैसे विषय भी प्रमुखता से रखे गए।
वार्ता में प्रदेश सचिव मनमोहन, दीपक एवं जीतेला साथ रहे। महानिदेशक महोदया के समक्ष संगठन ने सभी विषयों पर नियमसम्मत, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्यवाही की अपेक्षा रखी।
जगदीश राठी
प्रदेश अध्यक्ष
अनुसूचित जाति–जनजाति शिक्षक एसोसिएशन, उत्तराखण्ड

