नई टिहरी टिहरी गढ़वाल के देवल गांव निवासी 16 वर्षीय केतन लाल की मौत के मामले में जांच कर रही CBCID पर गंभीर आरोप लगे हैं। मृतक के पिता धनपाल लाल ने CBCID के एसपी पर धमकाने और निष्पक्ष जांच न करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी टिहरी को शिकायती पत्र सौंपा है।
ग्राम देवल, निवासी धनपाल लाल ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्हें 24 अगस्त को CBCID के एसपी द्वारा बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि बयान लेने के दौरान उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें धमकाया गया और उनसे कहा गया, “तुम्हारा लड़का रात को वहाँ क्यों गया था?”
धनपाल लाल के अनुसार, जब उन्होंने बताया कि उनके बेटे केतन लाल को फोन कर बुलाया गया था, तो उनकी बात पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। आरोप है कि इस दौरान उनसे कहा गया, “तेरी लड़की होती तो तू क्या करता?”
इस पर मृतक के पिता ने जवाब दिया कि यदि उनकी बेटी के साथ ऐसी घटना होती तो वे किसी प्रकार की हैवानियत नहीं करते, बल्कि कानून के तहत कार्रवाई करते।
शिकायत पत्र में सबसे गंभीर आरोप उस समय का है, जब धनपाल लाल ने फोन कर केतन लाल को बुलाने वाली लड़की की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाया। पिता का आरोप है कि इस सवाल पर CBCID के एसपी ने उन्हें धमकाते हुए कहा, “लड़की गिरफ्तार नहीं होगी।”
धनपाल लाल ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कहा है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद उन्हें आशंका है कि CBCID द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और सही जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित CBCID अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
इधर, केतन लाल को न्याय दिलाने की मांग को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में सोमवार को सेवानिवृत्त जिला जज कांता प्रसाद भी पहुंचे। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार के साथ एकजुटता जताई और मामले को लेकर सरकार तथा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि न्याय के लिए किसी पीड़ित परिवार को लंबे समय तक धरने पर बैठना पड़े, तो यह व्यवस्था और सरकार के लिए गंभीर सवाल है।
सेवानिवृत्त जिला जज कांता प्रसाद ने कहा कि इस संवेदनशील मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए गंभीरता से हस्तक्षेप करने की मांग की।
प्रार्थना पत्र दिनांक 25 अगस्त 2026 का बताया गया है।
पीड़ित पिता धनपाल लाल ने कहा, “मुझे इंसाफ चाहिए। मेरे बेटे को फोन कर बुलाया गया और अब आरोपी लड़की को बचाया जा रहा है।”
CBCID जांच को लेकर पीड़ित परिवार द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप और सेवानिवृत्त जिला जज कांता प्रसाद के धरना स्थल पर पहुंचने के बाद केतन लाल न्याय आंदोलन को नई मजबूती मिली है। अब पीड़ित परिवार और आंदोलनकारियों की नजर सरकार और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
संवाददाता गंगा शाह
नई टिहरी

