अल्मोड़ा आज दिनांक 1 सितंबर 2026 को जिले में पिछले कई घंटों से हो रही लगातार बारिश के बीच धार की तूनी के पास बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से मलबा आने पर एक आवासीय टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। टिन शेड में रह रहे दो नेपाली मजदूर मलबे में दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, अल्मोड़ा की रिपोर्ट के अनुसार यह घटना 1 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे तहसील अल्मोड़ा क्षेत्र के धार की तूनी में हुई।
मृतकों की पहचान 35 वर्षीय दिलीप पुत्र बल बहादुर तथा 35 वर्षीय चक्र बहादुर पुत्र हस्त बहादुर, दोनों निवासी जिला कालिकोट, नेपाल, के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अल्मोड़ा, मुख्य विकास अधिकारी तथा उपजिलाधिकारी सदर अल्मोड़ा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम, फायर टीम, राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
रिपोर्ट के अनुसार हादसा 31 अगस्त की रात से लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन होने से हुआ। प्रशासन द्वारा घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई तथा राहत एवं बचाव कार्य किया गया।

