अल्मोड़ा आज दिनांक 1 सितंबर 2026 को भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर 2026 को जनपद अल्मोड़ा में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अंशुल सिंह ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा तथा जनपद के समस्त महाविद्यालयों में 2 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में हो रही वर्षा के कारण जनपद में भूस्खलन, त्वरित बाढ़, बोल्डर गिरने, जलभराव तथा सड़क मार्ग बंद होने जैसी आपदाओं की आशंका बनी हुई है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत 2 सितंबर 2026 को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के साथ-साथ जनपद के सभी महाविद्यालय बंद रहेंगे। संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

