नैनीताल आज दिनांक 1 सितंबर 2026 को भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर 2026 को जनपद नैनीताल में ‘Orange Alert’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज बारिश का दौर होने की संभावना जताई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह, जलभराव तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। संभावित खतरे को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार बुधवार, 2 सितंबर 2026 को जनपद नैनीताल क्षेत्र के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। इसके साथ ही समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य किया गया है।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, उन पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

