अल्मोड़ा भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 3 सितंबर 2026 को जनपद अल्मोड़ा में भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, त्वरित बाढ़, बोल्डर गिरने और सड़क मार्ग बाधित होने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अल्मोड़ा द्वारा 2 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार 3 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश के तहत जनपद के कक्षा 1 से 12 तक के समस्त सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालय, शोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय एवं समस्त महाविद्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पॉलीटेक्निक संस्थान तथा समस्त आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों के प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।

