देहरादून शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के साथ पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वृक्षमित्र डा. त्रिलोक चंद्र सोनी को ज्ञान गंगा सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया। वर्तमान में डा. सोनी पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र, ऋषिकेश में प्रवक्ता भूगोल के पद पर कार्यरत हैं।
मुख्य सेवक सदन में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व शिक्षा मंत्री भारत सरकार डा. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री खजान दास तथा संस्था अध्यक्ष विदुषी निशंक ने डा. त्रिलोक चंद्र सोनी को सम्मान पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वृक्षमित्र डा. सोनी एवं किरण सोनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया। डा. सोनी के सम्मानित होने पर डा. रमेश पोखरियाल निशंक, कुसुम कांता फाउंडेशन एवं मंथन वेलफेयर सोसाइटी सहित उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई दी। डा. सोनी ने सम्मान के लिए सभी अतिथियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन कुसुम कांता फाउंडेशन एवं मंथन वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में किया गया। समारोह में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, स्पर्श गंगा, नमामि गंगे एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और छात्रों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पूजा पोखरियाल, जगदीश टम्टा, मनोज गुप्ता, पुष्कर सिंह नेगी, हीरा सिंह नेगी, एसपी सिंह, डा. हंसी जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

