हल्द्वानी (नैनीताल) पीपल्स पार्टी ऑफ़ इंडिया डेमोक्रेटिक के प्रदेश संगठन सचिव एडवोकेट गंगा प्रसाद ने उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक स्थिति को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य में बढ़ती जातिवाद की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पीपुल्स पार्टी ऑफ़ इंडिया डेमोक्रेटिक को आगामी चुनावों में एक मजबूत तीसरे विकल्प के रूप में पेश करने का ऐलान किया है।
हल्द्वानी की घटना की घोर निंदा एडवोकेट गंगा प्रसाद ने हाल ही में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वहां एक जनसभा को संबोधित किया था। इस सभा के बाद कुछ लोगों द्वारा मैदान का ‘शुद्धिकरण’ किया गया, जो कि बेहद निंदनीय है। उन्होंने इस कृत्य की कड़े शब्दों में भर्त्सेना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में आए दिन इस तरह की जातिवाद की घटनाएं घट रही हैं, जो समाज के लिए घातक हैं।
बारी-बारी से लूटने का आरोप दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों को आड़े हाथों लेते हुए गंगा प्रसाद ने कहा कि उत्तराखंड की जनता लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस के चक्रव्यूह में फंसी है। इन दोनों पार्टियों ने बारी-बारी से सत्ता में आकर उत्तराखंड को केवल लूटने का काम किया है और विकास के नाम पर प्रदेश की जनता को छला है।
चुनाव में उतरने का एलान प्रदेश संगठन सचिव ने साफ किया कि उत्तराखंड की जनता अब इस द्विदलीय राजनीति से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है। इसी बदलाव को हकीकत में बदलने के लिए इस बार ‘पीपल्स पार्टी ऑफ़ इंडिया डेमोक्रेटिक’ पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और राज्य को एक ईमानदार व मजबूत तीसरा विकल्प देगी।

