अल्मोड़ा भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी के मद्देनजर 26 सितंबर 2026 को जनपद अल्मोड़ा में सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। अल्मोड़ा सहित कुछ जनपदों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30(2) के तहत यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि अतिवृष्टि के कारण भूस्खलन, त्वरित बाढ़, बोल्डर गिरने, जलभराव और सड़क मार्ग बाधित होने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यह कदम उठाया गया है।
जिला अधिकारी/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, अल्मोड़ा की ओर से जारी आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

