देहरादून आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के विशेष अवसर पर समाज कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड सरकार द्वारा देहरादून जनपद के रहने वाले 77 वर्षीय वरिष्ठ समाज सेवी जय पाल सिंह को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘सम्मान पत्र’ देकर सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें समाज सेवा, मानव कल्याण और जन-चेतना के क्षेत्र में दिए गए उनके अतुलनीय योगदान और विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सादर समर्पित किया गया।
सम्मान पत्र के माध्यम से राज्य सरकार ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जय पाल सिंह की लगन और निस्वार्थ कर्मठता न केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि पूरे उत्तराखण्ड प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने में एक महत्वपूर्ण स्तंभ की तरह है। उनकी यह गौरवमयी जीवन यात्रा साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के निदेशक संजय कुमार (आई.ए.एस.) और सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्वांकी (आई.ए.एस.) ने उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। विभाग ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी उनकी प्रतिभा और समृद्ध अनुभवों का लाभ समाज को लगातार मिलता रहेगा।
राज्य सरकार की ओर से देवभूमि उत्तराखण्ड की प्रगति में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए आभार जताया गया और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा सपरिवार सुख-समृद्धि की मंगलकामना की गई।

