गढ़वा दिनांक 1 नवंबर 2026 को मूलनिवासी विद्यार्थी संघ (MVS), जिला गढ़वा, झारखंड की ओर से आज अनुसूचित जनजाति छात्रावास, गढ़वा में ‘भारत के संविधान को पूरी तरह लागू करने का राष्ट्रीय उलगुलान छात्र-युवा संविधान परिषद-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘कैसे थमें भारत में शिक्षा का जानलेवा व्यापार?’ रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त चुनौतियों तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करना था। परिषद के माध्यम से छात्र-युवाओं को संविधान, शिक्षा के अधिकार और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मूलनिवासी विद्यार्थी संघ के जिला संगठन सचिव मू. फैजान आलम ने किया। स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष मू. अतीक एकबाल ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक), झारखंड प्रदेश के उपाध्यक्ष संतोष पाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षक के रूप में मू. ई. स्पेशल सम्राट की भूमिका रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यालय सचिव मू. राकेश कुमार रवि ने की तथा समापन जिला महासचिव मू. हसनेन नवाज द्वारा किया गया।
परिषद में शिक्षा को केवल व्यापार और मुनाफे का माध्यम बनाने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाते हुए शिक्षा को समानता, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने की आवश्यकता को प्रमुखता दी गई।
इस आयोजन के माध्यम से मूलनिवासी विद्यार्थी संघ ने छात्र-युवा समुदाय के बीच शैक्षणिक जागरूकता, संवैधानिक चेतना और संगठनात्मक भागीदारी को मजबूत करने का संदेश दिया।

