नैनीताल दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल में एसपी अपराध/यातायात के पद पर तैनात डॉ. जगदीश चन्द्र को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड पुष्कर सिंह धामी एवं पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ द्वारा उन्हें IPS बैच अलंकृत कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। वहीं, SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने भी उन्हें इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी।
शैक्षणिक उपलब्धियों से समृद्ध सफर
डॉ. जगदीश चन्द्र ने पंतनगर विश्वविद्यालय से पर्यावरण विज्ञान में एमएससी तथा JNU, नई दिल्ली से एम.फिल एवं पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2025 में IGNOU से मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर उपाधि भी हासिल की। उन्हें ICAR-JRF, CSIR-UGC JRF/SRF एवं JRF-NET जैसी प्रतिष्ठित छात्रवृत्तियां प्राप्त हुईं।
वैज्ञानिक से पुलिस अधिकारी तक का सफर
वर्ष 2002 से 2005 तक ICFRE, देहरादून में वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं देने के बाद वर्ष 2005 में राज्य पुलिस सेवा में शामिल हुए। देहरादून, चमोली एवं ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न जनपदों में सेवाएं दीं। वर्ष 2013 में अपर पुलिस अधीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। नगर पुलिस अधीक्षक देहरादून, काशीपुर एवं हल्द्वानी तथा 31वीं वाहिनी एवं IRB-1 में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
महत्वपूर्ण आयोजनों में उल्लेखनीय योगदान
• कुंभ मेला एवं नंदा राजजात यात्रा के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका।
• पुलिस बैंड के गठन एवं स्थापना में योगदान।
• कोविड-19 महामारी के दौरान समर्पित पुलिस सेवाएं।
• गंभीर अपराधों के अनावरण एवं कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों का कुशल निर्वहन।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित सम्मान
• वर्ष 2016 एवं 2020 में सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न।
• वर्ष 2025 में गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पुलिस पदक (मेधावी सेवा) से सम्मानित।
वर्ष 2026 में IPS में पदोन्नति उनकी वर्षों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पित पुलिस सेवा का गौरवपूर्ण परिणाम है।
नैनीताल पुलिस परिवार इस उपलब्धि पर हर्ष एवं गर्व व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देता है।

