उत्तराखंड राजकीय इंटर कॉलेज कर्णप्रयाग में भूगोल प्रवक्ता के पद पर कार्यरत वरिष्ठ शिक्षक, समाजसेवी एवं प्रखर वक्ता आर.एल. आर्य के निधन से शिक्षा जगत और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन पर शिक्षक एसोसिएशन उत्तराखंड के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
एसोसिएशन की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया कि आर.एल. आर्य संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए सदैव संगठन के हितों, अधिकारों और मजबूती के लिए समर्पित भाव से कार्य करते रहे। संगठन को जब भी उनके अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग की आवश्यकता पड़ी, उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वे संगठन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष के दायित्व का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन कर चुके थे। इसके साथ ही पिछले मंडलीय अधिवेशन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में भी उनकी सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उनके अनुभव, सरल व्यवहार, संगठनात्मक क्षमता और मार्गदर्शन को शिक्षक समाज सदैव याद रखेगा।
अनुसूचित जाति जनजाति शिक्षक एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष जगदीश राठी ने भी आर.एल. आर्य के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्य जी का संगठन के प्रति समर्पण और उनके द्वारा दिया गया योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनका निधन शिक्षक समाज और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।
शिक्षक एसोसिएशन ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा इस कठिन समय में परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

