अल्मोड़ा दीपावली के शुभ अवसर पर अल्मोड़ा पुलिस ने कई लोगों को बड़ी खुशखबरी दी है। पुलिस की साइबर सेल और एसओजी टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए विभिन्न स्थानों से गुम हुए 63 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में साइबर सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए। तकनीकी सहायता और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से टीम ने उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ दिल्ली, पंजाब, बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, नोएडा और बरेली सहित विभिन्न क्षेत्रों से मोबाइल फोन बरामद किए।
दिनांक 6 नवंबर 2026 को पुलिस कार्यालय अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे तथा सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल फोन मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरे फोन वापस पाकर खुशी से खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने अल्मोड़ा पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए साइबर सेल और एसओजी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से आम जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस की आमजन से अपील
अल्मोड़ा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने पर तत्काल संचार साथी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही नजदीकी थाने या साइबर सेल को भी इसकी सूचना दें, ताकि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
अल्मोड़ा पुलिस की इस सराहनीय पहल ने दीपावली के अवसर पर 63 परिवारों की खुशियों को दोगुना कर दिया।

