हल्द्वानी सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल, हल्द्वानी में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक (PPID) ने एक बार फिर आवाज उठाई है। पार्टी के प्रदेश संगठन सचिव एडवोकेट गंगा प्रसाद ने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, आधुनिक चिकित्सा मशीनों की उपलब्धता तथा मेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की है।
पार्टी की ओर से बताया गया कि इन मांगों को लेकर पूर्व में उपजिलाधिकारी हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी क्रम में 6 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी को पुनः ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि हल्द्वानी का सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल कुमाऊं मंडल के साथ-साथ दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले हजारों मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। पहाड़ी क्षेत्रों से गरीब और जरूरतमंद मरीज बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर यहां पहुंचते हैं, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पार्टी ने मांग की है कि अस्पताल में सभी आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाए, आधुनिक जांच एवं उपचार मशीनें उपलब्ध कराई जाएं तथा डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों और अन्य कर्मचारियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए।
पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक ने प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को हल्द्वानी में ही बेहतर, सुलभ और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है। साथ ही मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री से जनहित में इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
इस अवसर पर लक्ष्मी नारायण, अनुसुमन सिंह, चंदन मूल निवासी, हरीश आर्य, लखन चन्द्र, मनोज गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

