हल्द्वानी पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक के तत्वावधान में हल्द्वानी महानगर में मजदूरों, श्रमिकों, किसानों, बेरोजगार युवाओं एवं महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय की मांग को लेकर विशाल महागर्जना रैली एवं सभा का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अपनी मांगों को बुलंद करते हुए सरकार से ठोस कदम उठाने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की मूल भावना को पूर्ण रूप से लागू किया जाना समय की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने कहा कि आज देश का मजदूर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है, किसान अपनी फसलों का उचित मूल्य पाने के लिए परेशान है और बेरोजगार नौजवान स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। वहीं महिलाएं सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकारों की मांग कर रही हैं। गरीब, शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों को भी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय मिलना चाहिए।
महागर्जना रैली के माध्यम से सरकार के सामने छह प्रमुख मांगें रखी गईं।
1. बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित भारतीय संविधान को पूर्ण रूप से लागू किया जाए।
2. मजदूरों एवं श्रमिकों को उचित मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन का अधिकार दिया जाए।
3. बेरोजगार युवाओं को स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
4. किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य और कृषि संबंधी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएं।
5. महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, समानता एवं रोजगार के पर्याप्त अवसर दिए जाएं।
6. गरीब, शोषित, वंचित एवं पिछड़े वर्गों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित किया जाए।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने वर्तमान सरकारों से संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित करने तथा जनहित से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. एस. चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार, प्रदेश संगठन सचिव एडवोकेट गंगा प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष चंदन मूलनिवासी, प्रदेश उपाध्यक्ष मूलनिवासी तुलसी, प्रदेश महासचिव अमर सिंह सैनी, राजा गौतम, शंकर लाल, रफीक अहमद, सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा लक्ष्मी नारायण, इरशाद अंसारी, खलीलुर्रहमान, मनोज गुप्ता, हरीश आर्य, सुंदर बोरा, किशन चन्द्र, दीपक चन्याल एवं मनोज कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।
कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी ने सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

