देहरादून उत्तराखंड में 1 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) अभियान चल रहा है. ऐसे में मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अपडेटेड बनाने के साथ ही मतदाताओं की सुविधा के लिए 20 नवम्बर से 27 नवम्बर, 2026 तक एक हफ्ते का विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान हर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहनता से जांच करेंगे. साथ ही उसमें पाई जाने वाली त्रुटियों को चिन्हित कर संबंधित मतदाताओं के कार्य ठीक करेंगे.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी. पुरुषोत्तम ने बताया विधानसभा निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने, दर्ज विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने या अपात्र लोगों को हटाने के लिए 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित प्रारूपों में दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं. मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 का इस्तेमाल किया जाएगा.
उन्होंने बताया विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में एक ही मतदाता का नाम एक ही बूथ पर या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज होने की स्थिति में ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिन्हित किया जाएगा. नियमानुसार फार्म-7 के जरिए जरूरी प्रक्रिया अपनाते हुए अपात्रों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी.
लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 एवं 18 के प्रावधानों के अनुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में या किसी निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत होने का पात्र नहीं है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील किया कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सभी अर्ह सदस्यों का नाम, पता, आयु एवं अन्य जानकारी सही से चेक लें, अगर किसी प्रकार की त्रुटि या कमी पाई जाती है तो निर्धारित अवधि के भीतर फार्म-8 भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करें. इसी प्रकार अगर किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वे फॉर्म-6 के जरिए अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है

