देहरादून उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), पुलिस अधीक्षक (SP), सेनानायक और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। शासन के इस फैसले को प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।नक्शे देखें
तबादला सूची में सबसे अहम बदलाव ऊधमसिंहनगर जिले में देखने को मिला है। शासन ने आईपीएस मणिकांत मिश्रा पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए उन्हें एसएसपी ऊधमसिंहनगर की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में आईपीएस श्वेता चौबे को एक बार फिर आईआरबी द्वितीय का कमांडेंट बनाया गया है। वह वर्तमान में एसएसपी टिहरी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। वहीं सरिता डोबाल को एसएसपी टिहरी नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
शासनादेश के अनुसार मंजूनाथ टीसी को एसएसपी नैनीताल से सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर भेजा गया है। पंकज भट्ट को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से सेनानायक आईआरबी प्रथम, बेलपड़ाव की जिम्मेदारी दी गई है।
मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना से एसएसपी ऊधमसिंहनगर बनाया गया है। अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेल देहरादून से पुलिस अधीक्षक अभिसूचना नियुक्त किया गया है।
अमित श्रीवास्तव द्वितीय को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय से पुलिस अधीक्षक चमोली बनाया गया है। देवेंद्र पींचा को सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से एसएसपी पौड़ी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अर्पण यदुवंशी को सेनानायक एसडीआरएफ से एसएसपी नैनीताल नियुक्त किया गया है। विशाखा अशोक भदाणे को कमांडेंट आईआरबी द्वितीय से पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
वहीं अजय गणपति कुमार को एसएसपी ऊधमसिंहनगर से सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है। सर्वेश पंवार को एसएसपी पौड़ी से पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य अधिकारियों के भी बदले कार्यक्षेत्र
जितेंद्र मेहरा को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर से पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। सरिता डोबाल को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय से एसएसपी टिहरी बनाया गया है।
हरिश वर्मा को सेनानायक आईआरबी प्रथम, बेलपड़ाव से सेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर नियुक्त किया गया है। सुरजीत पंवार को पुलिस अधीक्षक चमोली से पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
शाहजहां जावेद खान को अपर पुलिस अधीक्षक यातायात निदेशालय से पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस बनाया गया है। वहीं जगदीश चन्द्र को पुलिस अधीक्षक नगर नैनीताल से पुलिस अधीक्षक बागेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में दिखेगा असर
उत्तराखंड पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल से नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, पौड़ी, टिहरी और चमोली समेत कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा।

