टिहरी गढ़वाल टिहरी देवल में हुई अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक घटना के संबंध में झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति ने आज पीड़ित केतन के परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग एवं न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
विधायक वीरेंद्र जाति ने कहा कि केतन एक अनुसूचित जाति परिवार से था और प्रदेश में अनुसूचित जाति समाज के लोगों के साथ लगातार सामने आ रही उत्पीड़न, अन्याय और अत्याचार की घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था और सामाजिक न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर, वंचित और अनुसूचित वर्ग के लोगों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय है। सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक नागरिक को भयमुक्त वातावरण और न्याय मिले।
विधायक ने कहा कि इस पूरे प्रकरण को विधानसभा में मजबूती के साथ उठाया जाएगा और प्रदेश सरकार से जवाब मांगा जाएगा कि आखिर ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में सरकार क्यों असफल हो रही है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से वार्ता कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की बात कही, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि न्याय मिलने तक उनकी लड़ाई में वह पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार का अपराध करने का साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी जिम्मेदारी है और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना हमारा कर्तव्य है।
इस अवसर पर राजेश निराला, रजनीश डेलना, दीपक मास्टर, मान सिंह खालसा, सचिन, पिंकेश नागर, अमित कुमार, दिनेश कुमार, प्रद्युमन, बलविंदर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

