उत्तरकाशी नेरी–तुल्याडा–चिन्यालीसौड़ मोटर मार्ग बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से दैनिक आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सबसे अधिक दिक्कत मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और आवश्यक कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग बंद होने की सूचना कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक सड़क खोलने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की उदासीनता के कारण क्षेत्र की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क बंद होने से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जेसीबी और अन्य मशीनरी लगाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क नहीं खोली गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

