नई टिहरी सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार धमकी देने, जातीय विद्वेष फैलाने तथा व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाए जाने का आरोप लगाते हुए गंगा शाह ने पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल को शिकायत पत्र सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि राजमोहन सिंह रावत, निवासी ग्राम डंगा, थाना लंबगांव, सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे पोस्ट और टिप्पणियां कर रहे हैं, जिनसे जातीय तनाव बढ़ रहा है और उन्हें व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाया जा रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध थाना लंबगांव में धर्म एवं जाति विशेष के विरुद्ध कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में अपराध संख्या 12/2026 दर्ज है तथा उन्हें बीएनएसएस की धारा 94 के तहत नोटिस भी जारी किया जा चुका है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा हथियार के साथ तस्वीरें साझा कर उकसाऊ पोस्ट की जा रही हैं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा का खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई है कि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
शिकायत में पुलिस अधीक्षक से सोशल मीडिया पोस्टों और उपलब्ध कराए गए स्क्रीनशॉट की निष्पक्ष जांच कराने, आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ता एवं उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

