अल्मोड़ा आज दिनांक 20 मार्च 2026 को जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की बैठक जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में रेडक्रॉस सोसाइटी से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा समाज के जरूरतमंद वर्गों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने रेड क्रॉस के माध्यम से स्ट्रेचर, शव वाहन, व्हील चेयर एवं एम्बुलेंस क्रय किए जाने का प्रस्ताव रखा जिस पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा जिलाधिकारी ने प्रस्तावों पर अपनी सहमति दी। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक लोगों को रेडक्रॉस की सेवाओं का लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह भी सहमति बनी कि ब्लॉक स्तर पर गठित रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों को आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि आपदा की स्थिति में रेडक्रॉस की भूमिका और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बन सके। जिलाधिकारी ने कहा कि संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है और इसके माध्यम से जरूरतमंदों तक त्वरित सहायता पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में चेयरमैन रेड क्रॉस सोसाइटी आशीष वर्मा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित शाह (मोनू) सहित अन्य पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

