अल्मोड़ा दिनांक 20 एवं 21 मार्च 2026 को होटल हिमसागर, अल्मोड़ा में ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के अंतर्गत दो दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी के दिशानिर्देशन में एनआरएलएम द्वारा गठित एवं ग्रामोत्थान (रीप) द्वारा अंगीकृत क्लस्टरों के नवनियुक्त कार्मिकों के लिए किया गया। कार्यक्रम के द्वितीय दिवस का शुभारंभ परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास विभाग, अल्मोड़ा के०एन० तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्मिकों के साथ-साथ विकासखण्ड हवालबाग, लमगड़ा, धौलादेवी, भैंसियाछाना एवं द्वाराहाट के अंतर्गत चयनित सीएलएफ के नवनियुक्त कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान जिला प्रबंधन इकाई, अल्मोड़ा के सहायक प्रबंधक (संस्थाएं एवं समावेशन) द्वारा प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण में नवनियुक्त कार्मिकों को परियोजना की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए सहकारिता स्तर पर दस्तावेजीकरण एवं रिपोर्टिंग को व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। इसके उपरांत सहायक प्रबंधक (लाइवलीहुड) सुनील जोशी द्वारा पीपीटी के माध्यम से समूह सदस्यों की आजीविका सुदृढ़ करने हेतु परियोजना के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। परियोजना निदेशक के०एन० तिवारी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण समर्पण एवं मनोयोग के साथ करने पर जोर दिया तथा अर्जित ज्ञान का उपयोग करते हुए समूह की महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों द्वारा अर्जित ज्ञान का साझा किया गया, जिससे प्रशिक्षण का प्रभाव अत्यंत सकारात्मक एवं प्रेरणादायी रहा। परियोजना निदेशक द्वारा फील्ड स्तर पर कार्य करते समय आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान के व्यावहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे प्रतिभागियों में कार्य के प्रति उत्साह एवं आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर परियोजना निदेशक एवं जिला परियोजना प्रबंधक राजेश मठपाल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को फील्ड भ्रमण हेतु उपयोगी पीठ बैग एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही जिला परियोजना प्रबंधक द्वारा सभी कार्मिकों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। प्रशिक्षण में सहायक प्रबंधक (संस्थाएं एवं समावेशन) संदीप सिंह, सहायक प्रबंधक (मूल्यांकन एवं अनुश्रवण) दीपक चंद रमोला, यंग प्रोफेशनल उत्कर्ष गुप्ता सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 70 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।

