अल्मोड़ा आज दिनांक 25 मार्च 2026 को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपने-अपने स्तर पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का आग्रह किया, ताकि मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने मतदाताओं की सटीक मैपिंग के लिए भी सभी संबंधित पक्षों से सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है।
बैठक में अवगत कराया गया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी विधानसभाओं के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) तैनात कर दिए गए हैं, जो पुनरीक्षण कार्यों की निगरानी एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
अपर जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 की मतदाता सूची को वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग करने का कार्य 93.27 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है, जो एक महत्वपूर्ण प्रगति है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यह मैपिंग शत प्रतिशत पूर्ण की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में भाजपा, कांग्रेस, बसपा समेत अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

