अल्मोड़ा आज दिनांक 24 मार्च 2026 को जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशानुसार जनपद की सभी विधानसभाओं में तैनात बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान BLO को मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन सहित विभिन्न आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रशिक्षण में बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा सूची को त्रुटिरहित बनाना प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही सभी BLO को अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए घर-घर सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण में सभी blo को गणना फॉर्म भरना, प्राप्त करना तथा ऐप में अपलोड करने के तरीके बताए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ सकें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करते हुए अपने नामों का सत्यापन अवश्य कराएं और आवश्यक संशोधन समय रहते सुनिश्चित करें।
यह प्रशिक्षण जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर अपर सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार, एसेंबली स्तरीय मास्टर ट्रेनर राजेश बत्रा तथा राजेश कुमार द्वारा दिया जा रहा है।

