देहरादून अनुसूचित जाति–जनजाति शिक्षक एसोसिएशन, उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्य सचिव के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को लेकर विस्तृत वार्ता की। वार्ता में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश राठी, मंत्री सुरेश चंद्र तथा जनपद उधम सिंह नगर के जिलाध्यक्ष हरि ओम उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने शासन स्तर की बैठकों में सामाजिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने, पदाधिकारियों को अधिवेशन एवं विभागीय बैठकों हेतु अवकाश प्रदान करने तथा इरशाद हुसैन समिति की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके साथ ही लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ करने, आरक्षण रोस्टर का कड़ाई से पालन कराने एवं बैकलॉग पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। संगठन ने आउटसोर्सिंग भर्तियों में आरक्षण लागू करने, छात्रवृत्ति व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी स्थानांतरण नीति (काउंसलिंग के माध्यम से) लागू करने तथा शिक्षकों को पारिवारिक परिस्थितियों में विशेष अवकाश प्रदान करने की मांग भी रखी। साथ ही TET संबंधी जटिलताओं के समाधान और शिक्षक हितों की रक्षा का मुद्दा भी उठाया गया।
इसके अतिरिक्त बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा एवं अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से जुड़े मामलों में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की गई। मुख्य सचिव ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

