अल्मोड़ा जनपद अल्मोड़ा में आगामी जनगणना–2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के अंतर्गत “स्व-गणना (Self Enumeration)” को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी /प्रमुख जनगणना अधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि राज्य में मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके पूर्व 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि भारत के महारजिस्ट्रार कार्यालय के निर्देशानुसार इस प्रक्रिया की शुरुआत जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों—जैसे सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान आदि द्वारा स्व-गणना कराकर की जाएगी, ताकि अन्य नागरिक भी इससे प्रेरित होकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों के कर्मचारी स्व-गणना करना सुनिश्चित करें। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों से समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। उच्च स्तरीय प्राप्त निर्देशों के क्रम में प्रत्येक कर्मचारी को 10 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 के मध्य कम से कम 200 व्यक्तियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने का लक्ष्य दिया गया है, जिससे आम जन में स्व गणना हेतु विश्वास सुनिश्चित हो सके तथा इस राष्ट्रीय प्रक्रिया में लोग अपनी सकारात्मक भूमिका निभा सकें। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं और अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें। इससे न केवल प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि जनगणना के आंकड़ों की शुद्धता एवं पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। स्व गणना में भागीदारी लेने के लिए निम्न वेबसाइट का इस्तेमाल किया जाएगा – https://se.census.gov.in ।
“स्व-गणना अपनाएं, सही जानकारी दें और जनगणना–2027 को सफल बनाएं।”

