अल्मोड़ा आज दिनांक 22 अप्रैल 2026 को अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा क्षेत्र की निवासी किरण बिष्ट आज महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी हैं। उनकी यह सफलता प्रदेश में लागू जनकल्याणकारी नीतियों एवं प्रभावी सुशासन का प्रत्यक्ष परिणाम है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इन नीतियों का सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किरण बिष्ट जैसी महिलाओं की सफलता यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन एवं सहयोग मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी आत्मनिर्भर बनकर समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान राजेश मठपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम्य विकास विभाग एवं IFAD-REAP परियोजना के अंतर्गत किरण बिष्ट को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं स्वरोजगार स्थापित करने हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। वर्ष 2021 में सिलाई कार्य से शुरुआत करने के बाद उन्होंने अपने प्रयासों से लमगड़ा बाजार में सिलाई, बुनाई एवं कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की। उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र की महिलाओं एवं युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। वर्तमान में 5 से अधिक महिलाएं उनके साथ जुड़कर कार्य कर रही हैं और अपनी आजीविका सुदृढ़ कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के प्रयास न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रहे हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन की भावना भी विकसित कर रहे हैं। साथ ही यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन एवं पलायन रोकने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
किरण बिष्ट की सफलता यह सिद्ध करती है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित योजनाएं प्रभावी रूप से धरातल पर उतर रही हैं और आमजन को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। IFAD-REAP परियोजना के माध्यम से किया गया यह प्रयास महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ आजीविका सृजन की दिशा में एक सराहनीय उदाहरण बनकर उभर रहा है।

